अलीगढ़। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी माह फरवरी में कभी भी अलीगढ़ भ्रमण पर आ सकते हैं। जिला मजिस्ट्रेट इंद्र विक्रम सिंह ने प्रस्तावित कार्यक्रम के दृष्टिगत सोमवार की प्रातः राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री के जनपद आगमन को लेकर जिला, पुलिस प्रशासन चौकन्ना हो गया है। मुख्यमंत्री के हैलीकॉप्टर लैंडिंग, जनसभा, जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद, विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास एवं लाभार्थीपरक योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण पत्र दिये जाने की तैयारियों में जिला प्रशासन पूरी तरह से जुट गया है।
जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने सोमवार को मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय का निरीक्षण कर विभिन्न प्रकार की तैयारियों का खाका खींचा। इससे पूर्व जिलाधिकारी ने राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय के निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान नगर मजिस्ट्रेट रमाशंकर, एसडीएम कोल रविशंकर, अधिशासी अभियंता लोनिवि इंद्रपाल सिंह, सहायक अभियंता अरविंद सहित अन्य अधिकारी रहे।
