सर्वार्थ सिद्धि योग में खेलें होली

देश
  • होलिका दहन 24 मार्च को : प्रकाश शास्त्री

अलीगढ़। फाल्गुन पूर्णिमा पर 24 मार्च को होलिका दहन और चैत्र माह की प्रतिपदा तिथि पर रंगवाली होली 25 मार्च को धुलेंडी मनाई जाएगी। इस होली पर कई ’शुभ संयोग और ग्रह नक्षत्र का खास स्थिति बन रही है, जिससे होली पर पूजा का दोगुना लाभ मिलेगा। ऐसे में शुभता का लाभ उठाते हुए इस होली को कुछ खास बनाएं और अपने कामनाओं को पूरा करने के लिए विधि विधान से पूजा, मंत्र, उपाय करें। यह बातें महर्षि याज्ञवल्क्य सेवा संस्थान के प्रमुख ज्योतिषाचार्य प्रकाश शास्त्री ने बताईं।
ज्योतिषाचार्य प्रकाश शास्त्री ने होलिका दहन शुभ पूजन मुहूर्त की जानकारी देते हुए बताया कि होलिका दहन 24 मार्च 2024 को किया जाएगा, इसके लिए रात्रि 11.13 मिनट से देर रात 12.07 मिनट तक का शुभ मुहूर्त है। होलिका दहन का मुहूर्त भद्रा रहित है। उन्होंने बताया कि होलिका दहन से पहले प्रदोष काल में इसकी पूजा की जाती है। होली की की पूजा के लिए शाम 06.35, से रात 09.31 तक का शुभ मुहूर्त है। उन्होंने बताया कि इस होली में सर्वार्थ सिद्धि योग 24 मार्च 2024 को सुबह 07.34 बजे से 25 मार्च 2024 को सुबह 06.19, रवि योग सुबह 06.20 से सुबह 07.34 बजे एवं वृद्धि योग 24 मार्च 2024 को रात 08.34 बजे से 25 मार्च 2024 रात 09.30 तक बन रहे हैं।
ज्योतिषाचार्य प्रकाश शास्त्री ने आगे बताया कि इस होली पर कुंभ राशि में मंगल और शुक्र की युति से धन शक्ति योग बन रहा है, जिसमें पूजन से व्यक्ति की धन समस्या का निवारण होता है। त्रिग्रही योग शनि, मंगल, शुक्र होली पर कुंभ राशि में रहेंगे। उन्होंने बताया कि इस बार सूर्य-बुध की युति से बुधादित्य योग भी बन रहा है। इस योग के फलस्वरूप व्यक्ति व्यापार, शिक्षा और नौकरी के क्षेत्र में सफलता पाता है।

  • होलिका दहन पर पूजा की विधि
    ज्योतिषाचार्य प्रकाश शास्त्री ने पूजा की विधि के बारे में बताया कि होलिका पूजा से पहले भगवान नृसिंह फिर प्रहृलाद का ध्यान करके प्रणाम करें। उन्हें चंदन, अक्षत और फूल सहित पूजन सामग्री चढ़ाकर नमस्कार करें। इसके बाद होली की पूजा करे। पूजा करते समय पूर्व या उत्तर दिशा में मुंह होना चाहिए। पूजा में 7 तरह के पकवान चढ़ाएं। इस दिन होलिका दहन जरुर देखना चाहिए, इससे मन की नकारात्मकता का भी दहन होता है, दैवीय शक्ति का प्रादुर्भाव होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *