नई दिल्ली। सोने और चांदी की वायदा कीमतों की शुरुआत गुरुवार को सुस्ती के साथ हुई। दोनों के वायदा भाव गिरावट के साथ खुले। सोने के वायदा भाव 59,000 रुपए के करीब कारोबार कर रहे थे, जबकि चांदी के वायदा भाव घटकर 72,500 रुपए से नीचे आ गए हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी के भाव में नरमी देखी जा रही है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर चांदी का बेंचमार्क दिसंबर कॉन्ट्रैक्ट आज 207 रुपए की गिरावट के साथ 72,265 रुपए के भाव पर खुला। फिलहाल यह कॉन्ट्रैक्ट 127 रुपए की गिरावट के साथ 72,345 रुपए के भाव पर कारोबार कर रहा था। इस समय इसने 72,359 रुपए के भाव पर दिन का उच्च और 72,191 रुपए प्रति किलो के भाव पर दिन का निचला स्तर छू लिया। मई महीने में चांदी के वायदा भाव 78 हजार रुपए किलो को पार कर सर्वोच्च स्तर पर पहुंच गए थे। सोने के वायदा भाव की शुरुआत भी नरमी के साथ हुई। एमसीएक्स पर सोने का बेंचमार्क अक्टूबर कॉन्ट्रैक्ट 45 रुपए की गिरावट के साथ 59,043 रुपए के भाव पर खुला। फिलहाल यह कॉन्ट्रैक्ट 48 रुपए की गिरावट के साथ 59,040 रुपए के भाव पर कारोबार कर रहा था। इस समय इसने 59,056 रुपए के भाव पर दिन का उच्च स्तर और 59,017 रुपए के भाव पर निचला स्तर छू लिया। मई महीने में सोने के वायदा भाव ने 61,845 रुपए प्रति 10 ग्राम के भाव पर सर्वोच्च स्तर छू लिया था।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी के वायदा भाव में सुस्ती देखी जा रही है। कॉमेक्स पर सोना 1942.20 डॉलर प्रति औंस के भाव पर खुला। पिछला बंद प्राइस 1944.20 डॉलर था। फिलहाल यह 0.20 डॉलर की गिरावट के साथ 1944.00 डॉलर प्रति औंस के भाव पर कारोबार कर रहा था। कॉमेक्स पर चांदी के वायदा भाव 23.50 डॉलर के भाव पर खुले, पिछला बंद प्राइस 23.50 डॉलर था। फिलहाल यह 0.06 डॉलर की गिरावट के साथ 23.44 डॉलर प्रति औंस के भाव पर कारोबार कर रही थी।
