- इंजी. राजीव शर्मा बने महानगर अध्यक्ष तो कृष्ण पाल सिंह जिलाध्यक्ष
अलीगढ़। आज का दिन भाजपाईयों के लिए किसी खुशी के दिन से कम नहीं है। जिस महानगर और जिलाध्यक्ष की नियुक्ति के लिए सभी भाजपाई जी-तोड़ प्रयास कर रहे थे। भाजपाईयों के धैर्य का प्रसाद आज अमावस्या के दिन प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कार्यकर्ताओं को प्रदान कर दिया। पिछले कई महीने से अलीगढ़ से दिल्ली, कभी गोरखपुर, कभी लखनऊ के चक्कर लगा लगाकर महानगर अध्यक्ष और जिला अध्यक्ष पद के लिए सैंकड़ों भाजपाई जब हताश होकर घर बैठ गए थे, तो प्रधानमंत्री नरेंद्र दामोदर दास मोदी के जन्मदिन से पहले ही सभी उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ताओं को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने यह उपहार दे डाला। उत्तर प्रदेश के हर जिले में महानगर और जिलाध्यक्ष के नामों की घोषणा प्रदेश अध्यक्ष ने कर दी है, इसलिए कहीं ख़ुशी होगी तो कहीं गम होना स्वाभाविक सी बात है।
इसी कड़ी में अलीगढ़ से एसजेडी पब्लिक स्कूल के इंजी. राजीव शर्मा को महानगर अध्यक्ष एवं कृष्ण पाल सिंह उर्फ लाल प्रधान को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। दोनों अध्यक्ष पदों की घोषणा होते ही भाजपाईयों और कार्यकर्ताओं में हर्ष की लहर दौड़ गई और सभी ने जाकर मिठाई खिलाकर एवं सोशल मीडिया पर बधाई संदेश देते हुए अपनी खुशी व्यक्त की। वहीं अलीगढ के कर्मठ कार्यकर्ताओं ने महानगर अध्यक्ष राजीव शर्मा को माल्यार्पण करके एवं उनका मुँह मीठा कराकर उनका स्वागत किया।