- भक्तों की आस्था का प्रतीक है महाकालेश्वर मंदिर : स्वामी पूर्णानंदपुरी
अलीगढ़। गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी शहर के कनवरीगंज स्थित धनियापाड़ा में महाकालेश्वर मंदिर के वार्षिकोत्सव के उपलक्ष्य में भगवान शिव का रुद्राभिषेक और महायज्ञ का आयोजन किया गया।
मंगलवार को प्रातः वैदिक ज्योतिष संस्थान के प्रमुख स्वामी पूर्णानंदपुरी महाराज के सानिध्य में आचार्य गौरव शास्त्री, गौरव वेदपाठी, चंदर शास्त्री, शिवम शास्त्री आदि विद्वानों ने मुख्य यजमान अरुण अचार, नीलम वार्ष्णेय द्वारा भगवान शिव परिवार का विधि विधान के साथ दूध, दही, घी, शहद और बूरे के साथ पंचामृत से अभिषेक करवाया और पुष्प तथा फलों के जूस का भी स्नान करवाया और शिव परिवार को वस्त्र अर्पित कर चंदन रोली से श्रृंगार किया।
दूसरी बेला में सभी ब्राह्मणों ने मुख्य यजमान द्वारा विभिन्न प्रकार की समिधाओं के साथ नवग्रह आदि देवताओं का आवाहन कर श्री शूक्त, पुरुष शूक्त एवं अन्य श्लोकों और मंत्रों द्वारा यज्ञ में आहुतियाँ दिलवायीं।
स्वामी पूर्णानंदपुरी महाराज ने कहा कि अलीगढ़ शहर में कनवरीगंज का महाकालेश्वर मंदिर अपने आप में विशेष महत्व रखता है। कई वर्षों से यहां भक्तों की आस्था जुड़ी हुई है और इसके जीर्णोद्धार के साथ प्रतिवर्ष वार्षिकोत्सव समारोह किया जाता है। वहीं वार्षिकोत्सव में मंत्रों की गुंजायमान ध्वनियों के साथ हवन यज्ञ तथा अभिषेक द्वारा सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। यह क्षेत्र विशेष ही नहीं अपितु सम्पूर्ण शहर के लिए लाभकारी है, शहर के हर कोने से श्रद्धालु वार्षिकोत्सव में सम्मिलित होते हैं। उन्होंने महायज्ञ में सभी श्रद्धालुओं के हाथरस घटना में दिवंगत हुए लोगों की आत्मशांति हेतु विशेष आहुतियाँ दीं।