हिंदी हमारी मातृभाषा, आइए इसे सीखें और बोलें : अशोक सारस्वत अलीगढ़। विद्या भारती द्वारा संचालित सरस्वती विद्या मंदिर सी.सै. स्कूल खैर रोड पर हिंदी दिवस कार्यक्रम बड़े धूमधाम एवं हर्षोल्लास से मनाया गया, जिसका शुभारम्भ प्रधानाचार्य अशोक सारस्वत ने माँ सरस्वती के समक्ष द्वीप प्रज्ज्वलन करके किया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सुभाष शर्मा ने छात्रों को बताया कि 14 सितम्बर को हिंदी दिवस कार्यक्रम इसलिए मनाया जाता है, क्योंकि 14 सितम्बर 1949 के दिन हिंदी को भारत की राजभाषा बनाया गया। आज वर्तमान में विश्व में बोली जाने वाली भाषाओं में हिंदी का दूसरा स्थान है। हिंदी में विशाल शब्द सम्पदा है। हिंदी एक ऐसी भाषा है जो विश्व को जोड़ने का कार्य करती है, क्योंकि इसमें अरबी, फारसी, तुर्की, पुर्तगाली, फ्रांसीसी, जापानी आदि भाषा के शब्द समाहित हैं। प्रधानाचार्य अशोक सारस्वत ने बताया कि हिंदी को बढ़ावा देने को हिंदी दिवस मनाया जाता है। लोगों को प्रेरित करने के लिए हिंदी भाषा पखवाड़ा दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि हिंदी सिर्फ हमारी मातृभाषा ही नहीं बल्कि पहचान भी है। आइए, हिंदी बोलें और इसे सीखें। वहीं इस मौके पर विद्यार्थियों को हिंदी की निबंध प्रतियोगिता कराई गई। हिंदी दिवस पर विद्यालय के प्रबंधक डॉ. राजीव अग्रवाल एवं अध्यक्षा डॉ. उमेश कुमारी ने समस्त विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में सुनील कुमार, अतुल शर्मा, छाया और राजकुमारी, गोपाल स्वरूप पचौरी, मदन मोहन शर्मा, विनोद शर्मा आदि का सराहनीय योगदान रहा।